बाबा कुशेश्वरस्थान धाम पहुंचे जिलाधिकारी, मंदिर व्यवस्था में सुधार व निष्पक्ष जांच की उठी मांग
दरभंगा, 02 जुलाई (हि.स.)।
जिला के बाबा कुशेश्वरस्थान धाम पहुंचे जिलाधिकारी राजीव रौशन एवं उनके परिवार का श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर की व्यवस्था में सुधार तथा कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि मंदिर की व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए राम मंदिर की तर्ज पर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। ज्ञापन में वर्तमान जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए बाहरी एजेंसी से जांच कराने की मांग की गई।
ऋषभ कुमार एवं हंसिका कश्यप सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के अंत में श्रद्धालुओं ने जिला पदाधिकारी एवं उनके परिवार के सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए बाबा कुशेश्वरनाथ से धाम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

