home page

साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता : डीएम

 | 
साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता : डीएम


साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता : डीएम


सुपौल, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुखपुर स्थित पीएम श्री +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में सोमवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में अनजान मोबाइल कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, ओटीपी, बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है या कोई संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि सामने आती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए अथवा साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से इसकी सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

डीएम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी-सह-बीपीआरओ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सरवेश्वर सिंह, साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक शिव शंकर कुमार, सब इंस्पेक्टर महफूज आलम एवं विशाल कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वविजय कुमार, शिक्षक प्रणव कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र