home page

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, दिये सख्त निर्देश

 | 

पटना, 18 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने रविवार काे पटना जिले के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखी जाए, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि देश में कई जगह भीड़ प्रबंधन में मामूली चूक के कारण अप्रिय घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं से सीख लेते हुए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें तथा पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहें, भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी संभावित समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आपसी समन्वय से स्थिति को नियंत्रित करें।

सभी प्रमुख पूजा पंडालों में एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और आवश्यक सूचनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी