आंतरिक संसाधन की प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा
सारण, 16 मई (हि.स.)। प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन से संबंधित विभिन्न विभागों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में सारण जिला के सभी विभागों के पदाधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, वहीं सीवान और गोपालगंज जिला के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी भागीदारी दर्ज की।
बैठक के दौरान आयुक्त ने परिवहन, वाणिज्य कर, निबंधन, खनन, विद्युत आपूर्ति, सहकारिता, मापतौल, औषधि नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा, नहर प्रमंडल, मत्स्य, राजस्व और नगर निकाय समेत सभी राजस्व संग्रह करने वाले विभागों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने वर्तमान राजस्व संग्रह की स्थिति, लंबित मामलों और लक्ष्य प्राप्ति में आ रही चुनौतियों पर अधिकारियों से सीधा संवाद किया। आयुक्त मनीष कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध और प्रभावी ढंग से राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करें। राजस्व में बढ़ोतरी के उद्देश्य से आयुक्त ने सभी अबन्दोबस्त सैरातों की बंदोबस्ती निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द पूरी करने का आदेश दिया।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राजस्व संग्रह की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा और सचेत किया कि इसकी प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी। बैठक में आयुक्त के सचिव और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

