home page

सीमांचल के यात्रियों को राहत: बारसोई-किशनगंज होकर चलेंगी 4 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

 | 
सीमांचल के यात्रियों को राहत: बारसोई-किशनगंज होकर चलेंगी 4 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें


कटिहार, 15 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पू. सी. रेलवे) ने कटिहार रेलमंडल के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है।

रेलवे ने जहां कुल 864 फेरों के साथ 31 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है, वहीं कटिहार मंडल के अंतर्गत आने वाले बारसोई और किशनगंज के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 03027/03028 (हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा स्पेशल) के चार अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कटिहार मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष होल्डिंग एरिया, स्वच्छ पेयजल और अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।

पू. सी. रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि नवंबर के उत्तरार्ध में यह 22 कोच वाली विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसके तहत ट्रेन संख्या 03027 हावड़ा-एनजेपी स्पेशल 18 एवं 25 नवंबर (बुधवार) को रात 11:50 बजे हावड़ा से खुलकर अगले दिन सुबह 10:45 बजे एनजेपी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03028 एनजेपी-हावड़ा स्पेशल 19 एवं 26 नवंबर (गुरुवार) को दोपहर 12:45 बजे एनजेपी से रवाना होकर अगले दिन रात 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन बारसोई, किशनगंज और अलुआबाड़ी रोड के अलावा मालदा टाउन, जंगीपुर रोड, अजीमगंज, कटवा, नवद्वीप धाम व बैण्डेल स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे सीमांचल और पश्चिम बंगाल के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

सीपीआरओ ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन में चढ़ाने-उतारने व मार्गदर्शन के लिए वाणिज्यिक कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व आईआरसीटीसी वेबसाइट या आधिकारिक माध्यमों से समय-सारणी की पुष्टि करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह