home page

जुड़वां बहनों साक्षी और सृष्टि बनीं विज्ञान संकाय की जिला टॉपर

 | 
जुड़वां बहनों साक्षी और सृष्टि बनीं विज्ञान संकाय की जिला टॉपर


भागलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में भागलपुर जिले के कजरैली प्रखंड के केलापुर गांव की जुड़वां बहनें साक्षी और सृष्टि ने विज्ञान संकाय में जिला टॉपर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

दोनों बहनें मृत्युंजय कुमार और संगीता शर्मा की पुत्री हैं और भागलपुर के गवर्नमेंट हाई स्कूल की छात्राएं रही हैं। साक्षी को 92 प्रतिशत तथा सृष्टि को 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। दोनों बहनों के अंक लगभग समान हैं, जो उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है। इस उपलब्धि से केलापुर गांव में खुशी का माहौल है और लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं। साक्षी और सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।

उनकी मां संगीता शर्मा ने बताया कि जब पटना से टॉपर वेरिफिकेशन के लिए फोन आया, तभी उन्हें विश्वास हो गया कि बेटियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों बहनें आगे चलकर बैंकिंग सेक्टर में केरियर बनाना चाहती हैं। जिला टॉपर बनने की सूचना मिलते ही स्कूल की शिक्षिकाओं और भागलपुर के उप विकास आयुक्त ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर