जिला शांति समिति की बैठक संपन्न
सारण, 14 मार्च (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठ और रामनवमी के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों से उनके पिछले अनुभवों के आधार पर फीडबैक लिए गए और सुरक्षा व्यवस्था का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया।
जिलाधिकारी ने नगर निगम और नगर निकायों को सभी ईदगाहों के पास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। तालाबों और घाटों की सफाई के साथ-साथ खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और बैरिकेडिंग व रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। एसडीओ और एसडीपीओ स्वयं महत्वपूर्ण घाटों का निरीक्षण करेंगे। 27 मार्च को निकलने वाली रामनवमी शोभायात्रा के लिए आयोजकों को समय पर लाइसेंस लेने और उसकी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया है। सड़कों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का जिम्मा जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारियों को सौंपा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता विधि-व्यवस्था और सदर एसडीओ समेत शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

