जेपीयू छपरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला सदस्यता कार्यशाला आयोजित
सारण, 07 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छपरा इकाई द्वारा जय प्रकाश विश्वविद्यालय में जिला सदस्यता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी सदस्यता अभियान को व्यापक बनाना और कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति व रणनीति से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ पूनम सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रितेश प्रकाश तथा नगर मंत्री अर्पित सिंह उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सदस्यता अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और इकाइयों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान महाविद्यालय स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

