सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की जिलाधिकारी ने किया समीक्षा
सारण, 02 मई (हि.स.)। पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति को लेकर आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में लाइट अधिष्ठापन की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई और लक्ष्य प्राप्ति हेतु कड़े निर्देश जारी किए गए।
जिले में कुल 48,190 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 38,463 लाइटें विभिन्न पंचायतों में लगाई जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने शेष बची लाइटों को युद्धस्तर पर अधिष्ठापित करने का आदेश दिया है। समीक्षा के दौरान बनियापुर और इसुआपुर प्रखंडों में कार्य की गति अत्यंत धीमी पाई गई। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी नव धर्म एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध असंतोषजनक प्रदर्शन के लिए दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि केवल लाइट लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार उनका रखरखाव करना भी अनिवार्य होगा। रखरखाव में विफलता पर एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जो मुखिया कार्य में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न करेंगे उनके विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं बेहतर कार्य करने वाली एजेंसियों का ससमय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

