home page

जिलाधिकारी ने 66 फरियादियों की सुनी समस्याएँ

 | 
जिलाधिकारी ने 66 फरियादियों की सुनी समस्याएँ


जिलाधिकारी ने 66 फरियादियों की सुनी समस्याएँ


सारण, 13 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय में आयोजित जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 66 लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। जनता दरबार में पहुँचे आवेदकों में से अधिकांश की शिकायतें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित थीं।

जिलाधिकारी ने जमीन से जुड़े विवादों, पैमाइश और आपसी रंजिश के मामलों को लेकर संबंधित अंचलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे नियमानुसार जाँच कर पारदर्शिता के साथ समस्याओं का निपटारा करें। साढा निवासी एक आवेदक ने घर के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इसे सुरक्षा के लिए गंभीर मानते हुए कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति पश्चिमी को तुरंत स्थल जाँच कर कार्रवाई का आदेश दिया। सोनपुर के राजापुर नयागांव के ग्रामीणों ने बस्ती के बीच मुर्गी फार्म संचालन से होने वाली गंदगी और दुर्गंध की समस्या रखी।

इस पर जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर को व्यक्तिगत रूप से सुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। फकुली के एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत पर अंचलाधिकारी सदर को स्थलीय जाँच के निर्देश दिए गए।तरैया प्रखंड के पचभिंडा पैक्स में पूर्व अध्यक्ष द्वारा पीडीएस दुकान संचालित करने के मामले में भी जाँच के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फाइलों को लंबित रखने के बजाय धरातल पर समाधान सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार