home page

सारण में युवा संवाद अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

 | 

सारण, 27 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनसे निरंतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अगले 2-3 दिनों का विस्तृत कार्य कैलेंडर तत्काल तैयार कर प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया।

मुख्य सचिव बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिले निर्देशों के आलोक में यह पहल की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान करना और उनका फीडबैक लेना है। इसके लिए जिले के शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित हस्तियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों, अभियंताओं और खेल जगत के चर्चित चेहरों का एक रोस्टर तैयार किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत प्रमुख कोचिंग व शैक्षणिक संस्थानों से होगी, जहां ये विशेषज्ञ विद्यार्थियों के साथ संवाद, वाद-विवाद प्रतियोगिता और प्रेरक सत्र आयोजित करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में सामूहिक संवाद कार्यक्रम भी होगा। इसमें चेंबर ऑफ कॉमर्स और सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी रहेगी, जबकि खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी छात्रों तक पहुंचाई जाएगी।

बैठक के दौरान डीएम ने 25 जुलाई की उपद्रवी घटनाओं में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दिखाए गए साहस की सराहना की और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार