मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
सारण, 12 जून (हि.स.)। चयन पर्षद द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही के पदों पर नियुक्ति के लिए जिले में आगामी 14 जून और 17 जून को लिखित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को पूरी तरह सफल, शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।
जिले में इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर कुल 10,334 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक होगी।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। हर केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त जोनल दंडाधिकारी, जोनल पुलिस पदाधिकारी और उड़नदस्ता की टीमें लगातार केंद्रों का भ्रमण करेंगी।
गड़बड़ी रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है अभ्यर्थियों की पूरी जांच के बाद ही एंट्री मिलेगी। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निष्क्रिय करने के लिए जैमर लगाए गए हैं और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। पूरी परीक्षा के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
परीक्षा की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला मुख्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है।
इस ब्रीफिंग बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी और केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

