प्रभारी मंत्री का विद्या मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
अररिया 20 मई(हि.स.)। बिहार सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद का फारबिसगंज के विद्या मंदिर में आगमन पर बुधवार को उनका भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
सबका सम्मान जीवन आसान अभियान के तहत आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करने बिहार सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद का मंगलवार संध्या को अररिया पहुंचे थे।
फारबिसगंज भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू के अगुवाई में उन्हें फूल माला बुके एवं अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, भाजपा नेता प्रवीण कुमार मंत्री डॉ प्रसाद के साथ मौजूद थे। जबकि मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र राय नगर मंत्री विपिन जायसवाल, शिवराम शर्मा, शुभम राय अंशू आहूजा सहित विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सच्चिदानंद मेहता सचिव डॉ नेहा राज, वार्ड पार्षद बुलबुल यादव, जदयू के बमबम विश्वास आदि ने प्रभारी मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री डॉ प्रसाद ने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना ही सहयोग शिविर का मूल उद्वेश्य है। मंत्री ने स्पष्ट किया की पीएम मोदी देश को विकसित तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को समृद्ध बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया की बिहार सरकार के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब बिहार के सभी जिलों सहित अररिया जिला में माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अंचल, प्रखंड या थाना स्तर के सभी जन समस्याओं का समाधान 30 दिनों में सुनिश्चित किए जाएंगे।समाधान नहीं होने पर 31वें दिन संबधित पदाधिकारी स्वत: निलंबित हो जाएंगे। प्रभारी मंत्री समस्याओं के आवेदन के लिए बिहार सरकार द्वारा जारी सहयोग ई पोर्टल के साथ हेल्पलाइन की जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

