छठ घाटों पर रोशनी, सुरक्षा और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था करें : सन्तोष सुमन
नवादा, 12 नवंबर (हि.स.)।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को नवादा पहुंचे जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने शहर के मिर्जापुर स्थित सूर्य मंदिर एवं सूर्य घाट सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और रोशनी की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया।
मंत्री ने अधिकारियों को शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा छठ घाटों के आसपास गंदगी नहीं रहने देने को कहा। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को घाटों और संपर्क मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ व्रतियों को हर स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि छठ बिहार की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण महापर्व है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान मुख्य पार्षद पिंकी कुमारी के पति संजय साहू, पूर्व उपमुख्य पार्षद राजेश कुमार मुरारी तथा सदर एसडीओ अमित अनुराग सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

