home page

जिला अतिथि गृह के प्रबंधक शराब के नशे में गिरफ्तार

 | 

बक्सर, 07 मार्च (हि.स.)।

उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए जिला अतिथि गृह बक्सर के प्रबंधक को शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 200 एमएल शराब की एक बोतल भी बरामद की गई।

उत्पाद आधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली कि जिला अतिथि गृह के प्रबंधक बृजकिशोर पांडेय शराब के नशे में बैठकर कार्य कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिथि गृह में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि प्रबंधक नशे की हालत में मौजूद थे। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनकी जेब से 200 एमएल शराब की एक बोतल बरामद हुई। बरामदगी के बाद उत्पाद विभाग ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

उत्पाद विभाग के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी प्रबंधक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

उत्पाद विभाग ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा