जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में बाल श्रम, बाल विवाह एवं परवरिश योजना की समीक्षा
अररिया,30 सितम्बर (हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बाल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का ससमय निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। जिले अथवा अन्य राज्यों में बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों का नियमानुसार विद्यालयों में नामांकन कराने हेतु निर्देशित किया गया।
सरकार द्वारा संचालित परवरिश योजना पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर बैठक आयोजित करने तथा योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।
किशोर न्याय परिषद में लंबित एसबीआर एवं फाइनल फॉर्म से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित कराने का निर्देश दिया गया।
बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को किशोर एवं किशोरी समूहों की समय-समय पर बैठक आयोजित करने को निर्देशित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के साथ भी एक बैठक कराने का निर्देश दिया, ताकि बाल संरक्षण से संबंधित मामलों की प्रभावी समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

