दूर हुई विद्युत समस्याएं,सोलर सिस्टम से युक्त हुआ जिला विधिज्ञ संघ
पूर्वी चंपारण, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला विधिज्ञ संघ से जुड़े सभी अधिवक्ताओ का कार्यालय अब विद्युत समस्या से पूरी तरह मुक्त हो गया। जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष शेषनारायण कुंवर ने विधिवत् मंत्रोच्चारण के बाद सोलर सिस्टम का फीता काट कर शुभारंभ किए। उद्घाटन के बाद ज्यों ही संघ भवन में विद्युत का प्रवाह हुआ, अधिवक्ताओं ने ताली बजाकर प्रसन्नता व्यक्त की।
संघ के अध्यक्ष शेषनारायण कुंवर ने कहा कि आज ऐतिहासिक मौका है कि जिला विधिज्ञ संघ पूरी तरह सोलर सिस्टम आधारित विद्युत सप्लाई पर स्वयं आत्म निर्भर हो गया। अब प्रतिमाह 150000 रुपए के विद्युत विपत्र से मुक्ति मिल गई। वहीं महासचिव राजीव कुमार द्विवेदी उर्फ पप्पू दुबे ने संघ के सदस्यों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ के एकीकृत प्रस्ताव पर 23 लाख रुपए की लागत से कैफ़ी हॉल के छत पर सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया,जिससे प्रतिदिन 40 केवीए विद्युत का उत्पादन होगा। संघ भवन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रतिदिन 25 केवीए विद्युत खपत होगी। 15 केवीए विद्युत ऊर्जा को विद्युत विभाग को बेची जाएगी। वे बोले कि यथाशीघ्र संघ भवन में ई लाइब्रेरी एवं सामान्य लाइब्रेरी को पूरी तरह आधुनिक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
मौके पर जिला लोक अभियोजक खूबलाल प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य राहुल त्रिपाठी, सतेंद्र त्रिपाठी, विनय कुमार सिंह, अनिल सिंह, अशोक कुमार, अचलदेव कुमार, वरीय अधिवक्ता नरेंद्र झा, पूर्व सचिव कन्हैया कुमार सिंह, दिनेश्वर प्रसाद,तारकेश्वर कुमार, अमरनाथ प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

