home page

नफरत की आग में जल रही दुनियां, भागलपुर से दिया जा रहा मोहब्बत का पैगाम: सैयद हसन

 | 
नफरत की आग में जल रही दुनियां, भागलपुर से दिया जा रहा मोहब्बत का पैगाम: सैयद हसन


भागलपुर, 07 मार्च (हि.स.)। खानकाह पीर दमड़िया शाह वक्फ 159, शाह मार्केट के मुतवल्ली सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन की ओर से समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने की एक सराहनीय पहल की गई। होली के पावन त्योहार के अवसर पर सत्तर हिंदू भाइयों के बीच “सद्भावना होली किट” के नाम से आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। ये किट खास तौर पर कमजोर और जरूरतमंद लोगों को दी गईं, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें।

खानकाह पीर दमड़िया शाह की इस पहल को देखते हुए मानव सहायता केंद्र के निदेशक डॉ. देव ज्योति मुखर्जी की देखरेख में शनिवार को हिंदू भाइयों की ओर से सौ मुस्लिम परिवारों के बीच “रमजान किट” का वितरण किया गया। इन किटों में इफ्तार और सहरी के लिए जरूरी सामान दिया गया, ताकि रोजेदारों को सहूलियत मिल सके। इस अवसर पर वक्फ 159 शाह मार्केट के मुतवल्ली सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने कहा कि आज दुनिया भर में जहां भी नजर डालें, लोग अपनी अहंकार और घमंड के लिए बेगुनाह लोगों का खून बहा रहे हैं। ऐसे हालात में हमें इस बात पर गर्व है कि रेशमी शहर भागलपुर से प्यार, सहिष्णुता और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां हिंदू और मुस्लिम समाज एक-दूसरे की मदद करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द की एक सुंदर मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि त्योहार दरअसल खुशियां बांटने और इंसानियत के रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम होते हैं और भागलपुर की यह परंपरा देश में अमन और एकता का संदेश देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर