home page

माँ आनंदी संस्थान ने सबौर के बाबूपुर मोड़ पर बांटी राहत सामग्री

 | 
माँ आनंदी संस्थान ने सबौर के बाबूपुर मोड़ पर बांटी राहत सामग्री


भागलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)।

जिले के सबौर प्रखंड में बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए सामाजिक संस्थाएं लगातार आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को सबौर स्थित बाबूपुर मोड़ इलाके में माँ आनंदी संस्थान की ओर से बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।

राहत सामग्री मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पूरे गांव के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। उल्लेखनीय है कि बाढ़ के कारण स्थानीय लोगों के सामने भोजन, पीने के पानी और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं को लेकर गंभीर परेशानियां बनी हुई हैं। ग्रामीणों की इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने राहत सामग्री उपलब्ध कराई। मदद मिलने पर ग्रामीणों ने संस्थान के सदस्यों के प्रति आभार जताया।

संस्थान की निदेशिका प्रिया सोनी ने कहा कि बाढ़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सरकार को भी इस मामले में विशेष संज्ञान लेने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य को और मजबूत किया जाए और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। निदेशिका ने भरोसा दिलाया कि माँ आनंदी संस्थान अपनी क्षमता के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हटेगा और आगे भी सहयोग के प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने राहत कार्य में सहयोग करने वाले संस्थान के सदस्यों, समाज के सहयोगियों और मीडिया बंधुओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही संकट की इस घड़ी में ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर