home page

भूमि न्यायाधिकरण के आदेश की अनदेखी, तत्कालीन सीओ महेश कुमार पर विभागीय कार्रवाई का आदेश

 | 
भूमि न्यायाधिकरण के आदेश की अनदेखी, तत्कालीन सीओ महेश कुमार पर विभागीय कार्रवाई का आदेश


किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में अधिकारियों की कार्यशैली और लापरवाही को लेकर विभागीय कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

इसी कड़ी में बिहार भूमि न्यायाधिकरण के आदेश के बावजूद मामले का नियमानुसार निष्पादन नहीं करने के आरोप में तत्कालीन अंचल अधिकारी महेश कुमार के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का आदेश जारी किया गया है।

यह कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर की गई है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेश कुमार जब गया जिले के बोधगया अंचल में अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उस समय उनके कार्यकाल से संबंधित एक मामले में गंभीर अनियमितता सामने आई थी। वर्तमान में महेश कुमार पटना जिले के पालीगंज अंचल में अंचल अधिकारी के पद पर पदस्थापित हैं।

बताया जाता है कि बिहार भूमि न्यायाधिकरण में दायर वाद संख्या 127/2019 में 12 मई 2023 को पारित आदेश के अनुरूप मामले का गुण-दोष के आधार पर स्पष्ट एवं नियमानुसार निष्पादन नहीं किया गया। आरोप है कि न्यायाधिकरण के आदेश के बावजूद स्वत्व वाद लंबित रखा गया। वहीं, जमाबंदी निरस्तीकरण की प्रक्रिया का सहारा लेकर मामले को समाप्त करने का प्रयास किया गया। इस मामले को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करने का निर्णय लिया है। जारी विभागीय पत्र के माध्यम से महेश कुमार के विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही संचालित करने का आदेश दिया गया है।

विभागीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई को राजस्व मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि न्यायिक एवं अर्द्धन्यायिक आदेशों की अनदेखी तथा कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह