होटल में विवाद ने लिया हिंसक रूप, एनएच-27 पर एक घंटे तक अफरा-तफरी
किशनगंज, 03 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के डीएम आवास के समीप डुमरिया भट्टा स्थित एनएच-27 पर शुक्रवार को होटल चंद्रा में मारपीट की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ।
घटना के चलते करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मारपीट में घायल युवक, जो कृष्णा होटल का कर्मचारी बताया जा रहा है, ने आरोप लगाया कि होटल चंद्रा के संचालक और उनके सहयोगियों ने उसके साथ मारपीट की। घायल के अनुसार, विवाद ग्राहकों को लेकर हुई बातचीत से शुरू हुआ। उसने बताया कि होटल संचालक ने ग्राहकों की संख्या के बारे में पूछताछ की, जिस पर उसने अपने मालिक से बात करने की बात कही।
इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के बीच होटल में कुछ युवक-युवतियों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा होती रही। कुछ लोगों ने होटल में नाबालिग लड़के-लड़कियों के होने का आरोप लगाया, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि पुलिस द्वारा होटल परिसर की जांच के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री और कपड़े बरामद किए गए।
हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही बरामद सामान और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
स्थानीय निवासी मोहम्मद साजिद ने आरोप लगाया कि संबंधित होटल में लंबे समय से अनियमित गतिविधियां संचालित हो रही हैं और आने वाले लोगों का समुचित रिकॉर्ड भी नहीं रखा जाता।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
एसडीपीओ-वन खुसरु सिराज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
मारपीट, होटल संचालन में कथित अनियमितताओं तथा अन्य सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

