home page

ग्रामीण विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, अधूरे आवास इसी माह होंगे पूरे

 | 
ग्रामीण विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, अधूरे आवास इसी माह होंगे पूरे


किशनगंज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (SBM-G/LSBA) तथा भीबी-जी राम-जी की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। PMAY-G की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंडवार लंबित एवं अपूर्ण आवासों की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने सभी बीडीओ को लाभुकों से नियमित समन्वय स्थापित कर अधूरे आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।जिन लाभुकों ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर प्रेरित कर निर्माण शुरू कराने को कहा गया। साथ ही मुख्यमंत्री आवास सहायता एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लंबित सभी आवासीय योजनाओं को इसी माह पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत महादलित परिवारों को जीविका के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण को बढ़ावा देने की स्थिति की भी समीक्षा हुई। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण, ई-रिक्शा एवं पैडल रिक्शा की क्रियाशीलता पर भी चर्चा की गई। डब्ल्यूपीयू एवं पीएमडब्ल्यूयू में संग्रहित प्लास्टिक का सड़क निर्माण में उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्वच्छता गतिविधियों को नियमित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। भीबी-जी राम-जी योजना के तहत जनोपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता देने, MIS पर लंबित योजनाओं को विशेष अभियान चलाकर पूरा करने तथा कायाकल्प अभियान से जुड़ी योजनाओं को शीघ्र शुरू कर निर्धारित अवधि में पूरा करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम पदाधिकारियों को अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा लंबित ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग का कार्य इसी माह पूरा कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। नियमित अनुश्रवण और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर उन्होंने विशेष बल दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त समेत संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह