home page

रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन में तेजी लाने का निर्देश

 | 
रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन में तेजी लाने का निर्देश


किशनगंज, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में रेलवे अवसंरचना के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए संचालित विभिन्न परियोजनाओं को गति देने को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने भूमि अर्जन कार्यों की समीक्षा की। जिला भू-अर्जन विभाग के तत्वावधान में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।

बैठक में ठाकुरगंज से अलुआबाड़ी न्यू बीजी रेल लाइन के दोहरीकरण, अलुआबाड़ी रोड से न्यू बीजी जलपाईगुड़ी तक तीसरी एवं चौथी रेल लाइन तथा ठाकुरगंज से सिलीगुड़ी दोहरी रेल लाइन परियोजना के लिए किए जा रहे भूमि अर्जन कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने परियोजनावार भूमि अर्जन की प्रगति, लंबित मामलों, संबंधित रैयतों से जुड़े मामलों और मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।

उन्होंने कहा कि रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। ऐसे में परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अर्जन के कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भूमि अर्जन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने, रैयतों से समुचित समन्वय स्थापित करने तथा मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं रेलवे परियोजनाओं से जुड़े पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह