home page

डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

 | 

कटिहार, 21 मई (हि.स.)। डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में अपर समाहर्ता ने परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में बताया गया कि कटिहार जिले में 23 और 24 मई को कुल 19 केंद्रों पर एकल पाली में परीक्षा आयोजित होगी। 24 मई को द्वितीय पाली की परीक्षा नहीं होगी क्योंकि PMM के अभ्यर्थियों की संख्या शून्य है। परीक्षा में पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग के लिए लगभग 6148 और इंटरमीडिएट स्तरीय के लिए लगभग 6799 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

*कड़ी सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम*

परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल सह गश्ती दंडाधिकारी, सुपर जोनल सह उड़न दस्ता दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा और जैमर लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी। यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। हर केंद्र पर मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी।

*परीक्षा से जुड़ी अहम बातें*

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश समय सुबह 8:00 से 10:30 बजे तक रहेगा। 10:30 बजे के बाद प्रवेश द्वार बंद हो जाएगा। 10:45 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी।

अभ्यर्थियों को डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड, 10वीं का एडमिट कार्ड या स्कूल आई-कार्ड और केवल नीला व काला बॉल प्वाइंट पेन लेकर आना है। ड्रेस कोड के तहत चप्पल और आधी बाजू की कमीज व कुर्ती अनिवार्य है। जूते पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा महिला पुलिस की उपस्थिति में कराई जाएगी।

अपर समाहर्ता ने सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और तत्परता से ड्यूटी करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को कदाचारमुक्त कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बैठक में जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा के प्रभारी पदाधिकारी, सभी जोनल और स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह