पशुपतिनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
भागलपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए विशेष धार्मिक यात्रा शुक्रवार को विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई। कैंप जेल जबारीपुर स्थित पंचमुखी हनुमान दरबार से श्रद्धालुओं का जत्था पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ रवाना हुआ।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और मंगल कामना की गई। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें 5 श्रद्धालुओं को निशुल्क यात्रा का अवसर मिला।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। संस्था के सदस्यों ने बताया कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालु भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन शांतिपूर्वक कर सकें। यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

