व्रतियो ने दी अस्तचलगामी भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य
-आस्था से सराबोर हुआ रक्सौल का सूर्य मंदिर छठ घाट
पूर्वी चंपारण,24 मार्च (हि.स.)।लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व चैती छठ के अवसर पर आज सूर्य मंदिर छठ घाट रक्सौल पर श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सांध्य अर्घ्य के अवसर पर छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को विधि-विधानपूर्वक अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा घाट भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूबा रहा।
सांध्य अर्घ्य के समय छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाट पर “छठी मइया” के गीतों और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूजा-अर्चना में लीन रहीं। छठ पर्व के सफल आयोजन को लेकर सूर्य मंदिर समिति के सभी सदस्य पूरे समय सक्रिय एवं सजग नजर आए। समिति द्वारा घाट पर साफ-सफाई, आकर्षक तोरणद्वार, सजावट एवं विद्युत व्यवस्था का विशेष प्रबंध किया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, स्थानीय थाना प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिखा। घाट पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। समिति के सचिव शंभु प्रसाद चौरसिया एवं मीडिया प्रभारी रजनीश प्रियदर्शी ने संयुक्त रूप से बताया कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु इस महापर्व को श्रद्धा और सुकून के साथ संपन्न कर सके।
चैती छठ के इस पावन अवसर पर रक्सौल का सूर्य मंदिर छठ घाट आस्था, अनुशासन और समर्पण का अद्भुत संगम बन गया।मौके पर समिति के सचिव शम्भु प्रसाद चौरसिया, गणेश अग्रवाल, रजनीश प्रियदर्शी, सुरेश कुमार, विनोद कुमार गुप्ता एवं पप्पू गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

