home page

ललितग्राम-वीरपुर नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, सर्वेक्षण जारी; क्षेत्र में जगी नई उम्मीद

 | 
ललितग्राम-वीरपुर नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, सर्वेक्षण जारी; क्षेत्र में जगी नई उम्मीद


ललितग्राम-वीरपुर नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, सर्वेक्षण जारी; क्षेत्र में जगी नई उम्मीद


सुपौल, 12 जून (हि.स.)।

सीमांचल और कोसी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित ललितग्राम-वीरपुर नई रेल लाइन परियोजना को लेकर सकारात्मक प्रगति सामने आई है।

करीब 14 से 15 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण कार्य जारी है और इसके लिए आवश्यक राशि भी रेलवे मंत्रालय की ओर से उपलब्ध करा दी गई है। इससे वर्षों से रेल संपर्क की मांग कर रहे लोगों में नई उम्मीद जगी है।

सांसद दिलेश्वर कामैत ने बताया कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इसके आधार पर रेल मंत्रालय और केंद्रीय कैबिनेट स्तर पर आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना को प्राथमिकता दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद के अनुसार इस संबंध में रेल मंत्री से भी बातचीत हुई है। रेल मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करने और नई रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

परियोजना की समयसीमा पर सांसद ने कहा कि उनका प्रयास है कि शेष कार्यकाल के दौरान इस योजना को धरातल पर उतारा जाए। अगले लगभग तीन वर्षों में इस दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी। विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि रेल लाइन बनने से वीरपुर को सीधा रेल नेटवर्क मिलेगा और नेपाल सीमा क्षेत्र तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। इससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि वीरपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठती रही है। सर्वदलीय संघर्ष समिति और स्थानीय नागरिकों ने इस मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन, पदयात्रा, साइकिल मार्च, अनशन और जनजागरण अभियान जैसे कई आंदोलन चलाए थे। अब सर्वेक्षण शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि वर्षों पुराना सपना जल्द साकार हो सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना केवल एक नई रेल लाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बन सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र