home page

उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सुपौल पहुंचे विजेंद्र प्रसाद यादव, ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश

 | 
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सुपौल पहुंचे विजेंद्र प्रसाद यादव, ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश


उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सुपौल पहुंचे विजेंद्र प्रसाद यादव, ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश


सुपौल, 14 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव गुरुवार को उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला और जन्मस्थली सुपौल पहुंचे। निर्मली स्थित कोसी निरीक्षण भवन में उनके आगमन पर एनडीए कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया।

उनके स्वागत को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखा गया। निर्मली पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री ने लोगो से मुलाकात की और ऊर्जा संरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि बिजली और ईंधन की अनावश्यक खपत रोकना आज की बड़ी जरूरत है। अगर लोग छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दें तो काफी हद तक ऊर्जा की बचत की जा सकती है। दौरे के दौरान उन्होंने निरीक्षण भवन में दिन के समय जल रहे एलईडी बल्ब और चल रहे पंखों को बंद करवाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना जरूरत बिजली खर्च करना सही नहीं है और सभी लोगों को ऊर्जा बचत की आदत अपनानी चाहिए। साथ ही पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के प्रति भी लोगों को जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में एनडीए घटक दलों के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत, निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, लौकहा विधायक सतीश कुमार साह, पूर्व एमएलसी हारून रशीद, जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार साह और नगर पंचायत निर्मली के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जगर्नाथ कामत समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज रही। अपने गृह जिले पहुंचने पर उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सरकारी संसाधनों के संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र