विभागीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन
भागलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार पटना के तत्वाधान में गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल चंपानगर भागलपुर में शनिवार को विभागीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ मधुसूदन झा, प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा, विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, पूर्व छात्र एवं कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में भागलपुर विभाग के अंतर्गत चलने वाले शिशु मंदिर, विद्या मंदिर के 467 भैया बहन एवं संरक्षक, आचार्य और दीदीजी उपस्थित रहे।
मौके पर प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि विद्या भारती के पाँच आधारभूत विषय एवं सोलह केन्द्रीय विषय द्वारा भैया बहनों के पंचकोश विकास हेतु विद्या रभारती प्रतिवर्ष विभिन्न विधा में प्रतियोगिता आयोजित करती है। आज घर में बच्चे अपने 10 पीढियों का नाम नहीं बता सकते हैं। पर्व त्यौहार की भी जानकारी सही रूप से उन्हें नहीं हो पाती है। इस कारण संस्कृति का ह्रास हो रहा है। अतः विद्या भारती द्वारा संस्कृति ज्ञान परीक्षा एवं प्रतियोगिता आवश्यक हो गया है। वैदिक गणित का ज्ञान आज भैया बहनों के लिए आवश्यक हो गया है। रचनात्मक, वैज्ञानिक सोच, सकारात्मक सोच, वैज्ञानिक भाव को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार की क्विज प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से लेकर अखिल भारतीय स्तर तक विद्या भारती आयोजित करती है। सतीश कुमार ने प्रस्तावना के क्रम में प्रतियोगिताओं की सफलता के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यपालक अभियंता एवं शिशु मंदिर के पूर्व छात्र अभिषेक आनंद ने कहा कि मन से पढ़ाई करें, आचार्य के निर्देशों का पालन करें, माता-पिता का सम्मान करें, कठिन परिश्रम से ही सफलता मिलती है। वहीं विभाग स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में शिशु वर्ग, बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं तरुण वर्ग के विद्यालय से चयनित भैया बहनों ने भाग लिया। इसमें प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहन को आगे प्रांत स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेनी होगी जो राजगीर और औरंगाबाद में आयोजित है। अतिथि परिचय उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह द्वारा एवं संचालन डॉ संजीव झा द्वारा किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहनों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार दिया गया। साथ ही सहभागिता करने वाले भैया बहनों को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं मैडल देकर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

