home page

रिजवान हत्याकांड में न्याय की मांग, परिजनों ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल से लगाई गुहार

 | 
रिजवान हत्याकांड में न्याय की मांग, परिजनों ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल से लगाई गुहार


किशनगंज, 18 जुलाई (हि.स.)। बिशनपुर थाना कांड संख्या 34/26 के चर्चित रिजवान हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर शनिवार को मृतक के परिजनों ने बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात की।

परिजनों ने मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।मृतक के छोटे भाई एवं मामले के सूचक शहजान रेजा ने मंत्री को घटना की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि परिवार अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है।

उन्होंने भावुक होकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने वहीं से किशनगंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला को फोन कर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा जांच की प्रगति पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा बहादुरगंज मंडल अध्यक्ष किशलय सिन्हा तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार भी मौजूद रहे। दोनों ने परिजनों की मांग का समर्थन करते हुए मामले की निष्पक्ष सुनवाई और शीघ्र न्याय दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बीते 4 जुलाई को बिशनपुर थाना क्षेत्र में बहादुरगंज के टंगटंगी गांव निवासी रिजवान आलम की हत्या कर दी गई थी।पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी डेजी परवीन और उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डेजी परवीन और अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया था। यह मामला जिले में काफी चर्चित रहा है।

परिजनों का कहना है कि आरोपितों के विरुद्ध शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर कठोर सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में कानून का भय कायम रहे और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह