home page

होटल-रेस्टोरेंट समेत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की मांग

 | 
होटल-रेस्टोरेंट समेत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की मांग


किशनगंज, 17 सितंबर (हि.स.)। शहर में संचालित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई दुकान, फास्ट-फूड सेंटर एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की जांच कराने की मांग उठी है।

जिला युवा कांग्रेस कमिटी, किशनगंज के जिलाध्यक्ष मो. आजाद साहिल ने गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार को पत्र लिखकर शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों में व्यापक जांच अभियान चलाने का अनुरोध किया है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा कि किशनगंज शहर में बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठान संचालित हैं। इन प्रतिष्ठानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं। ऐसे में आम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच आवश्यक है।

उन्होंने प्रशासन से खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों के माध्यम से प्रतिष्ठानों की जांच कराने की मांग की है। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर रखने तथा एक्सपायरी डेट वाली सामग्री के उपयोग की भी जांच करने का आग्रह किया गया है। मो. आजाद साहिल ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना जनस्वास्थ्य के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह मांग किसी विशेष प्रतिष्ठान को निशाना बनाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि शहरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रचलित कानून एवं नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही समय-समय पर ऐसे जांच अभियान चलाते रहने का भी अनुरोध किया है। युवा कांग्रेस कमिटी ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह