home page

लगातार तीन बंदियों की मौत से मंडल कारा की व्यवस्था पर उठे सवाल

 | 
लगातार तीन बंदियों की मौत से मंडल कारा की व्यवस्था पर उठे सवाल


किशनगंज, 21 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज मंडल कारा में पिछले चार महीनों के दौरान तीन बंदियों की मौत के बाद जेल प्रशासन की व्यवस्था, स्वास्थ्य निगरानी और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मार्च से जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग परिस्थितियों में हुई इन मौतों ने जेल में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण और निगरानी व्यवस्था को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना 23 मार्च 2026 की है।सजायाफ्ता बंदी कैलाश कामती की बीमारी के दौरान मौत हो गई थी। जेल प्रशासन की ओर से इस मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कराया गया था।

प्रशासन का कहना था कि बंदी लंबे समय से अस्वस्थ था और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हुई। दूसरी घटना 10 जून 2026 को सामने आई, जब महिला वार्ड में बंद विचाराधीन बंदी उषा रानी मृत पाई गई थी। वह दहेज मृत्यु से जुड़े एक मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थी। प्रारंभिक जांच में महिला वार्ड के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और महिला बंदियों की निगरानी को लेकर कई सवाल उठे थे।

ताजा मामला 20 जुलाई 2026 का है। शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार एक महिला को रविवार को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेजा गया था। जेल पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। लगातार तीन मौतों के बाद सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जेल में प्रवेश के समय बंदियों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच, मानसिक स्थिति के आकलन तथा संवेदनशील बंदियों की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि समय पर चिकित्सकीय जांच और प्रभावी निगरानी से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। इधर, जेल प्रशासन का कहना है कि तीनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई है और प्रत्येक मामले की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराई गई है। बावजूद इसके, मार्च से जुलाई के बीच हुई इन घटनाओं ने किशनगंज मंडल कारा की व्यवस्थाओं और बंदियों की सुरक्षा को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह