home page

सड़क दुघर्टना में महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

 | 
सड़क दुघर्टना में महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम


भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।

जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के सन्हौला-घोघा मुख्य मार्ग किनारे स्थित ताड़र गांव के समीप गुरुवार को एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ने एक महिला को कुचला दिया। जिससे महिला की मौत मौके पर ही हो गयी।

महिला सुबह टहलने के लिए निकली थी। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।

मृतका की पहचान सन्हौला थाना क्षेत्र के ताड़र गांव निवासी स्वर्गीय दिलीप दास की 45 वर्षीया पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि पूनम देवी रोजाना की तरह अपने घर से मुख्य मार्ग की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं।

इसी दौरान सन्हौला की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ताड़र गांव के पास ही मुख्य मार्ग पर बांस और बल्ले लगा दिए और सड़क को दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बाधित कर दिया। उग्र प्रदर्शन और सड़क जाम किए जाने के कारण सड़क के दोनों तरफ मालवाहक और यात्री वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मांग है कि फरार हाइवा चालक को अविलंब गिरफ्तार किया जाए, इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।

उधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और सड़क मार्ग पर वाहनों कि आवाजाही शुरू हो पाती। वहीं घटना के बाद से मृतका के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर