संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र में रविवार को एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। उनकी शादी करीब 10 महीने पहले ईशाकचक व्यायामशाला के पीछे रहने वाले कौशल कुमार से हुई थी।
परिजन के अनुसार अंशिका छह माह की गर्भवती थी। मृतका के पति की मौसी ममता देवी ने बताया कि अंशिका रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक उसके हाथ से गिलास गिरा और वह भी जमीन पर गिर पड़ी।
आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत भागलपुर सदर अस्पताल ले गए। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजन का आरोप है कि मायागंज अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिला और ऑक्सीजन लगाने में भी लापरवाही हुई। उनका कहना है कि यदि तत्काल उपचार किया जाता तो अंशिका की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलने पर ईशाकचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
बताया जा रहा है कि अंशिका का मायका उत्तर प्रदेश के लखनऊ में है। परिजन के अनुसार मायके वाले अंतिम दर्शन के लिए शाम तक भागलपुर पहुंचेंगे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

