एलआईसी परिसर में कार की टक्कर से सुरक्षा गार्ड की मौत
भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)।
शहर के जीरोमाइल स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय परिसर में रविवार की रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से वहां तैनात सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद सोमवार को मृतक के आक्रोशित परिजन एलआईसी कार्यालय पहुंच गए हैं और न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू करने की तैयारी में हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्हकार जयरामपुर गांव निवासी डब्ल्यू यादव के रूप में हुई है, जो जीरोमाइल स्थित एलआईसी कार्यालय में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि रविवार की रात कार्यालय परिसर के भीतर ही एक अधिकारी की अनियंत्रित गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने ले गई। इधर, परिजन का आरोप है कि रविवार रात पुलिस ने बिना उनके आने का इंतजार किए ही जबरन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया। वहीं बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि रात में गंगा पार से परिजन के आने में असमर्थता के कारण सोमवार सुबह उनके पहुंचने के बाद ही विधिवत पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी थी।
सोमवार को भागलपुर पहुंचे मृतक के परिजनों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। परिजन दोषी चालक/अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गाड़ी जब्त कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजन की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

