ओवरलोड ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, नेशनल बॉक्सिंग रेफरी सह शिक्षिका पूजा की मौत
भागलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर चौक के पास एक अनियंत्रित और ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने पीछे से बुलेट सवार दो शिक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण सड़क हादसे में बांका स्थित संत जोसेफ स्कूल की स्पोर्ट्स टीचर सह नेशनल बॉक्सिंग रेफरी पूजा राय (28 वर्ष) की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बुलेट पर मौजूद सहयोगी शिक्षक राजीव राय (अमित कुमार) (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका पूजा कुमारी भागलपुर के बूढ़ानाथ इलाके की रहने वाली थीं और उनकी 8 साल की एक मासूम बेटी है। मिली जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी और उनके साथी शिक्षक दोनों बांका के संत जोसेफ स्कूल में कार्यरत थे।
शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों बुलेट से वापस भागलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान भवानीपुर के समीप पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर इतनी भयानक थी कि पूजा के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद पूजा की बेहद नाजुक और गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम ने जिम्मेदारी संभाली और अपने ही वाहन से घायलों को मायागंज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। मृतका पूजा कुमारी न सिर्फ एक शिक्षिका थीं, बल्कि खेल जगत में भी उनकी एक खास पहचान थी। वे खुद एक बेहतरीन बॉक्सर रही थीं और बॉक्सिंग में नेशनल रेफरी की जिम्मेदारी भी निभा चुकी थीं। खेल गतिविधियों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सिलसिले में वे हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों का दौरा कर चुकी थीं। उनकी असमय मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं खेल प्रेमियों और शिक्षा जगत में भी शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल सीमेंट लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जगदीशपुर के टिकानी स्टेशन की ओर से लगातार सीमेंट लदे ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे अक्सर इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

