बस और स्पोर्ट्स बाइक की भीषण टक्कर में तीन दोस्तों की मौत
भागलपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले के बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरैली रोड के समीप शनिवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार यात्री बस और प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन दोस्तों की असामयिक और दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य दोस्तों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों आशुतोष कुमार (उम्र 18 वर्ष), सावन कुमार (उम्र 18 वर्ष) और अंशु कुमार यादव (उम्र 17 वर्ष) शामिल हैं।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है, जब तीनों दोस्त किसी काम से बाइपास की तरफ गए थे। बारिश के बीच तेज रफ्तार बस ने स्पोर्ट्स बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही बाइपास थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों को लहूलुहान हालत में मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को ट्रैफिक थाने की पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

