home page

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल सड़क निर्माण कंपनी के मजदूर की मायागंज में मौत

 | 
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल सड़क निर्माण कंपनी के मजदूर की मायागंज में मौत


भागलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। पूर्णिया में सड़क निर्माण कंपनी में काम करने वाले एक मजदूर की भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के मंदरोनी गांव निवासी अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, अजय कुमार शर्मा पूर्णिया में एक सड़क निर्माण कंपनी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर