कार को बस ने मारी टक्कर, पिता की मौत, बेटी घायल
भागलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित अजय ढाबा के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल का इलाज भागलपुर में चल रहा है। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के मझौल थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय शंकर कुमार, पिता सुरेश प्रसाद सिंह के रूप में हुई है।
परिजन ने बताया कि शंकर कुमार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), असम से 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपने ससुर के दशकर्म में शामिल होने के लिए परिवार के साथ महादेवपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार दो वाहनों से यात्रा कर रहा था। आगे बोलेरो वाहन में उनका पुत्र अपनी मां के साथ चल रहा था, जबकि पीछे होंडा सिटी कार स्वयं शंकर कुमार चला रहे थे। कार में उनकी 25 वर्षीय बेटी डॉ. शालू कुमारी भी सवार थीं, जो एमएस की पढ़ाई कर रही हैं। इसी दौरान अजय ढाबा के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोहिनूर बस ने होंडा सिटी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शंकर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस हादसे से परिजन में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के बाद बस और उसके चालक की तलाश में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

