home page

सड़क हादसे में वृद्ध की मौत

 | 
सड़क हादसे में वृद्ध की मौत


भागलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ी भवनाथपुर निवासी परमानंद राय के रूप में हुई है।

हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार, परमानंद राय सुबह गांव के अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए सुलतानगंज जा रहे थे। इसी दौरान भवनाथपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे बाइक चालक को पकड़ लिया और अकबरनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन ने बताया कि परमानंद राय धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और नियमित रूप से गंगा स्नान व भजन-कीर्तन में भाग लेते थे। खेती-किसानी उनका मुख्य पेशा था और गांव में उनका सम्मानजनक स्थान था। उनके निधन से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर