home page

करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने गए माता-पिता की मौत, अस्पताल में लापरवाही को लेकर हंगामा

 | 
करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने गए माता-पिता की मौत, अस्पताल में लापरवाही को लेकर हंगामा


कटिहार, 04 जुलाई (हि.स.)। बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी नगर क्षेत्र अंतर्गत पूरब टोला में शनिवार को एक दर्दनाक बिजली हादसे में माता-पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गया।

मृतक दंपति की पहचान पूरब टोला निवासी मोहम्मद नाजिर और उनकी पत्नी जुबेदा खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मनिहारी अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद नाजिर का पुत्र समद अचानक घर के पास विद्युत तार की चपेट में आ गया था। बेटे को करंट से तड़पता देख मां जुबेदा खातून और पिता मोहम्मद नाजिर उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे दोनों भी हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह तीनों को छुड़ाया और तुरंत इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान नाजिर और जुबेदा की मौत हो गई। वहीं, बेटे समद का इलाज अस्पताल में जारी है।

परिजनों का आरोप है कि यदि अस्पताल में समय पर उचित इलाज मिल जाता तो दोनों की जान बच सकती थी। डॉक्टरों की लापरवाही से हुई मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे।

आक्रोशित लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह