जहरीला पदार्थ खाने से किशोरी की मौत
भागलपुर, 20 मई (हि.स.)। जहरीला पदार्थ खा लेने के बाद मायागंज अस्पताल में इलाजरत किशोरी की बुधवार अहले सुबह होते हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका तीन बहनों और एक छोटे भाई में सबसे बड़ी थी और 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी।
किशोरी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि बीते 19 मई को घर के सभी सदस्य मकई काटने खेत गए हुए थे, जबकि किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके पेट में दर्द हुआ। उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ पेट दर्द की दवा समझकर खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। जब परिजन घर लौटे तो पूछताछ में किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाने की बात बतायी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन जहरीले पदार्थ का असर शरीर में तेजी से फैल चुका था। घटना के बाद से अस्पताल परिसर में परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

