home page

खोदाईबाग में घर के अलग-अलग कमरों में मिलीं देवरानी-जेठानी की शव

 | 

सारण, 08 मई (हि.स.)। खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही घर के भीतर से दो देवरानी-जेठानी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। इस दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय प्रीति कुमारी पति नागा सिंह और 22 वर्षीय ज्योति कुमारी पति मोहन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं के शव घर के अलग-अलग कमरों से बरामद किए गए। घटना के बाद से ही घर के सभी सदस्य समेत दोनों महिलाओं के पति फरार बताए जा रहे हैं। परिवार वालों का इस तरह गायब होना मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना खैरा पुलिस को दी मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

खैरा थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है हालांकि हत्या के कारणों की सटीक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस परिजनों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार