home page

नशामुक्ति अभियान: कटिहार के युवाओं के पास राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का मौका, 20 जुलाई तक करें आवेदन

 | 

कटिहार, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के तहत कटिहार में विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी 20 जुलाई 2026 तक 'माय भारत' पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

युवाओं को अपनी बात रचनात्मक ढंग से समाज तक पहुंचाने के लिए कुल आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें वाद-विवाद, स्लैम पोएट्री, रील व शॉर्ट फिल्म निर्माण, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, स्लोगन लेखन, संगीत-रैप और पेंटिंग शामिल हैं। जिला स्तर पर चयनित विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और राज्य के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर जाएंगे। सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को माननीय केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाले 'राष्ट्रीय युवा सम्मेलन' में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान की सफलता के लिए हाल ही में कटिहार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई थी। इसमें डीएम ने जिले के सभी संबंधित विभागों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और युवा क्लबों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि कटिहार के अधिक से अधिक युवा इसमें अपनी भागीदारी दर्ज करा सकें।

जिला युवा अधिकारी, कटिहार ने जिले के सभी युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि वे 20 जुलाई 2026 की निर्धारित अंतिम तिथि से पहले 'माय भारत' पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने युवाओं से 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के इस राष्ट्रीय जनआंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह