डीडीसी ने बसंतपुर में विकास योजनाओं का किया स्थल निरीक्षण
सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने शुक्रवार को बसंतपुर प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकासात्मक कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड परिसर में स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से इसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि कतिपय कारणों से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट पिछले कई महीनों से बंद है। इस पर डीडीसी ने नाराजगी जताते हुए यूनिट को जल्द से जल्द क्रियाशील करने का निर्देश दिया, ताकि विभिन्न पंचायतों की अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों से प्राप्त होने वाले प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण किया जा सके।
डीडीसी ने कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन और निस्तारण बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड परिसर में स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट को चालू करने के साथ परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जिला समन्वयक सोनम कुमारी को निर्देश दिया कि यूनिट के संचालन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लगातार अनुश्रवण करते हुए इसे जल्द पूरा कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान बसंतपुर प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने पंचायतवार लाभुकों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कम उपलब्धि वाले आवास सहायकों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर लाभुकों से समन्वय स्थापित करने और लंबित आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
कायाकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने चयनित योजनाओं की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं पर समयबद्ध तरीके से कार्य शुरू कराते हुए उन्हें पूरा कराया जाए, ताकि दीपावली से पूर्व सरकार द्वारा चिन्हित योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा सके।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान निदेशक आशुतोष कुमार एवं अमित कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

