भूमि विवाद पर सख्त उपमुख्यमंत्री, विजय सिन्हा बोले- 40 लाख आवेदनों का समाधान करेंगे, दोषियों को नहीं बख्शेंगे
- भूमि माफियाओं पर कड़ा प्रहार, बिहार को अब विवादों से मुक्त करेंगे
- गलती करने वालों को नहीं छोड़ेंगे, हर शिकायत का होगा निपटारा
पटना, 05 अप्रैल (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन से जुड़े मामलों में यदि कहीं कोई गलती हुई है तो उसके सुधार और परिमार्जन के लिए सरकार ने समय दिया है और अब तक करीब 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। भूमि विवाद के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानियों को समाप्त करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री सह मंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हम 40 लाख आवेदनों के समाधान के लिए संकल्पित हैं। आप आइए, अगर कोई गलती हुई भी है तो मिल-बैठकर उसका सुधार और समाधान किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे भ्रम और भड़काने वालों के चक्कर में न पड़ें और मन से डर निकाल दें।
उन्होंने कहा कि वर्षों से जनता की बह रही पीड़ा अब खत्म होगी और भूमि विवाद के नाम पर बिहार को अब और रक्तरंजित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भी 70 से 75 प्रतिशत जमीन पर कोई विवाद नहीं है, लेकिन कुछ लोगों ने तकनीकी हेरफेर कर गड़बड़ी की है।
सारण जिले का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने रजिस्टर-2 में स्याही गिराकर रिकॉर्ड को अस्पष्ट कर दिया और दूसरे के नाम म्यूटेशन करवा दिया। यहां तक कि दस्तावेज के पन्ने फाड़कर भी गड़बड़ी की गई।
उप मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के पास पूरा तंत्र (मेकैनिज्म) मौजूद है और ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाएगा। जिन लोगों ने यह पाप किया है, उन्हें मैं छोड़ूंगा नहीं, अंतिम समय तक उनका पीछा करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की छवि खराब करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी और इस लड़ाई को समाधान तक पहुंचाने के लिए जनता का सहयोग जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

