home page

सारण में 15 जुलाई को उपमुख्यमंत्री करेंगे नए डिग्री कॉलेज का उद्घाटन

 | 
सारण में 15 जुलाई को उपमुख्यमंत्री करेंगे नए डिग्री कॉलेज का उद्घाटन


सारण, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। आगामी 15 जुलाई से जिले के 9 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ एक उत्सवी माहौल में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक शुरुआत को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और फूल-प्रूफ व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

ये नए डिग्री कॉलेज इसुआपुर, दरियापुर, एकमा, मशरक, मढ़ौरा, मकेर, तरैया, लहलादपुर और पानापुर में शुरू हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस समारोह के लिए किसी बड़े तामझाम या पंडाल की जरूरत नहीं होगी, बल्कि उद्घाटन सीधे क्लासरूम में होगा। परिसरों को फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि उद्घाटन के तुरंत बाद से ही इन कॉलेजों में नियमित पठन-पाठन भी शुरू हो जाएगा।

समारोह के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों और छात्रों को आज ही आमंत्रण पत्र भेजने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने दरियापुर और मकेर में विशेष चौकसी बरतने को कहा है। दरियापुर में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव और मकेर में प्रभारी सचिव पंकज कुमार मौजूद रहेंगे।

सभी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, जलजमाव मुक्ति और मिट्टी-भराव के साथ-साथ शिलापट्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, लाइव डिस्प्ले के लिए हर जगह दो-से-तीन टीवी, लैपटॉप और इंटरनेट की व्यवस्था रहेगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रिंसिपल्स मौजूद थे, जबकि बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार