उपमुख्यमंत्री ने कमांड कंट्रोल सेंटर से बिहार में बाढ़ की वर्तमान स्थिति का लिया जायजा
पटना, 05 सितंबर (हि.स.)। बिहार में नदियों के बढ़ते जल-स्तर के मद्देनजर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी आज पुन: जल संसाधन विभाग के कमांड कंट्रोल सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने निरीक्षण के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात अधिकारियों से बिहार में बाढ़ की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया एवं तटबंधों के सतत निगरानी के निदेश दिये।
उप मुख्यमंत्री ने गंगा, पुनपुन, गंडक एवं अन्य नदियों के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर तैनात अधिकारियों से बात करके बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों की विस्तार से जानकारी ली एवं निर्देश देते हुए कहा कि तटबंधों पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में गंगा के जल-स्तर में काफी वृद्धि हुई है। पटना के गांधी घाट में गंगा का जल स्तर 2016 के अधिकतम रिकार्ड को पार कर गया है। गंगा के उच्चतर जलस्तर का पूर्व रिकॉर्ड टूट गया है।
विजय चौधरी ने बताया कि सूचना के मुताबिक अभी भी गंगा नदी की प्रवृति बढ़ने की ही है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अभी गंगा के जलस्तर में जो वृद्धि हुई है, वह मुख्य रूप से सोन एवं घाघरा नदी में अप्रत्याशित जल प्रवाह के कारण हुआ है। अब सोन नदी का जलस्तर घट रहा है। घाघरा भी स्थिर है। उम्मीद है कि आगामी चौबीस घंटे में स्थिति सामान्य की ओर बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग, जिला प्रशासन एवं अभियंताओं की टीम सभी आक्राम्य स्थलों पर सतर्क एवं मुस्तैद है। हमारा प्रयास है कि पानी किसी भी रिहाइशी इलाक़े में नहीं पहुंचे। इसके लिए जो भी सम्भव उपाय हैं, वे किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

