सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर बाेले उपमुख्यमंत्री - सुरमई आवाज दिलायेगी याद
पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सुप्रसिद्ध गायिका पद्मविभूषण आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि आशा भोंसले का जाना भारतीय संगीत और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे भारत के सांस्कृतिक जगत की एक महत्त्वपूर्ण स्तंभ थीं।
विजय सिन्हा ने कहा कि 20 भाषाओं में गाए गए उनके 11000 से अधिक गाने लोकप्रिय होने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं।
आशा उस मंगेशकर परिवार की अहम धुरी थीं जिसने पिछले 8 दशकों से लगातार अपनी संगीत-साधना के बूते भारत की वैश्विक पहचान को गढ़ने में योगदान दिया है। स्वरकोकिला स्वर्गीय लताजी के साथ मिलकर उन्होंने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। जो निश्चित रूप से स्मरणीय और सराहनीय है ।
उन्होंने कहा कि आशा जी अपनी मधुर एवं सुरमयी आवाज और विचारों की स्पष्टता के साथ फिल्म जगत सहित भारत के समग्र सांस्कृतिक सरोकारों से भी जुड़ी थीं। जब भी देश को उनकी जरूरत पड़ी उन्होंने आगे बढ़कर अपना योगदान दिया है। निश्चित रूप से उनके व्यक्तित्व और योगदान को संगीत के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि देश के समग्र सांस्कृतिक क्षेत्र में सराहा और संजोया जाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

