जांच के बाद बड़ा एक्शन: डीएवी कॉलेज से प्राचार्य आउट, कई शिक्षक इधर-उधर
सीवान, 13 अप्रैल (हि.स.)।
जय प्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले डीएवी पीजी कॉलेज, सीवान में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
कुलपति के आदेश पर प्राचार्य डॉ. रामानंद राम को उनके पद से हटाते हुए पीसी विज्ञान कॉलेज, छपरा स्थानांतरित कर दिया गया है। इस संबंध में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) नारायण दास ने आधिकारिक पत्र जारी किया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्रवाई जांच समिति की अनुशंसा के आधार पर अनुशासनिक एवं प्रशासनिक कारणों से की है। आदेश में डॉ. रामानंद राम को निर्देश दिया गया है कि वे अपना प्रभार कॉलेज के वरीय शिक्षक को सौंपें। गौरतलब है कि उनकी कार्यशैली को लेकर पहले से ही कॉलेज के शिक्षकों में असंतोष था और शिक्षक आंदोलनरत थे।
इधर, सिर्फ प्राचार्य ही नहीं, बल्कि डीएवी पीजी कॉलेज के कई प्राध्यापकों का भी तबादला कर दिया गया है। डॉ. रामानुज कौशिक को राजा सिंह कॉलेज, सीवान, डॉ. प्रभाकर निषाद को नंदलाल सिंह कॉलेज, जैतपुर (सारण), डॉ. मुरलीधर त्रिपाठी को विद्या भवन कॉलेज, सीवान और आशुतोष शरण को हरिराम कॉलेज, मैरवा भेजा गया है।वहीं दूसरी ओर, अन्य कॉलेजों से भी शिक्षकों की डीएवी पीजी कॉलेज में तैनाती की गई है। राजा सिंह कॉलेज के प्रो. बोलेंद्र कुमार अगम, विद्या भवन महिला कॉलेज की डॉ. संजीवनी आर्या तथा हरिराम कॉलेज के शैलेंद्र कुमार का स्थानांतरण डीएवी पीजी कॉलेज, सीवान में किया गया है।
एक साथ हुए इन व्यापक तबादलों से कॉलेज परिसर में हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर प्रशासन इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में कदम बता रहा है, वहीं दूसरी ओर इसे शिक्षकों के आंदोलन के दबाव में लिया गया फैसला भी माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

